कश्मीर की पवित्र अमरनाथ गुफा से बाबा बर्फानी की पहली दिव्य तस्वीर सामने आते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में करीब 6 से 7 फीट ऊंचा हिम शिवलिंग आकार लेता दिखाई दे रहा है। सुरक्षा में तैनात जवानों ने सबसे पहले बाबा बर्फानी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी। यात्रा मार्ग पर भारी बर्फबारी के बावजूद प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है। बालटाल और पहलगाम मार्ग से तेजी से बर्फ हटाई जा रही है, जबकि रास्तों को चौड़ा करने और सुरक्षा मजबूत करने का काम लगातार जारी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार बेस कैंप में आधुनिक फाइबर और प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं। हर भवन में अटैच्ड वॉशरूम, गर्म-ठंडे पानी और पैंट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रद्धालुओं को पहले से ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा।







