मुरैना जिले के जौरा से सामने आया हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला अब नया मोड़ ले चुका है। फर्नीचर कारोबारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे ने आरोप लगाया है कि उसे बंधक बनाकर न सिर्फ मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि 10 लाख रुपए की रंगदारी भी मांगी गई। कारोबारी के मुताबिक आरोपी महिला ने खुद को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा, “मैं अपने पति की हत्या कर चुकी हूं, जेल काटकर आई हूं, तेरी भी कर दूंगी।”
पीड़ित का दावा है कि उसे केमिकल पीने, कपड़े उतारकर पलंग पर लेटने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी गईं। मामले में पुलिस ने चर्चित हनी ट्रैप नेटवर्क की कथित मास्टरमाइंड सोनम कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। सोनम खुद को भाजपा नेत्री और समाज सेविका बताती थी तथा उसकी कई राजनीतिक हस्तियों के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
पुलिस पहले ही सचिन कुशवाह और गजेंद्र कुशवाह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य सहयोगी मीरा अभी भी फरार है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के तार, ब्लैकमेलिंग के तरीके और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। हनी ट्रैप के इस हाई-प्रोफाइल मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।







