गुजरात के कच्छ तट से देश की सुरक्षा एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार किया है। करीब 1180 करोड़ रुपए कीमत की 118 किलो कोकीन जब्त कर इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात ATS ने संयुक्त ऑपरेशन में विदेशी तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मुंद्रा पोर्ट के पास भारतीय समुद्री सीमा में की गई, जहां संदिग्ध कंटेनर जहाज को घेरकर पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि जहाज ब्राजील, लैटिन अमेरिकी देशों, मेक्सिको, अमेरिका और कराची होते हुए गुजरात पहुंचा था। जहाज में सवार नाइजीरिया मूल के आरोपी ड्रग्स की बड़ी खेप भारत में सप्लाई करने की तैयारी में थे। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी समुद्र में कूदकर फरार हो गया, जबकि क्लैविन चुकवुमा और ब्यारुहांगा जेम्स नाम के दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह खेप दिल्ली के द्वारका इलाके तक पहुंचाई जानी थी। एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के भारतीय कनेक्शन और ड्रग्स सप्लाई चेन की जांच में जुट गई हैं। समुद्री रास्ते से हो रही तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।







