पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर सियासत और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari ने खुली चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशी तुरंत देश छोड़ दें, नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लोगों की पहचान कर पुलिस को सौंपा जाए, जिसके बाद BSF उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने तीखे अंदाज़ में कहा कि “हम घुसपैठियों को जेल में रखकर रोटी नहीं खिलाएंगे… वो दामाद नहीं हैं।” इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है। वहीं दूसरी ओर नॉर्थ 24 परगना के हाकिमपुर बॉर्डर चेक पोस्ट पर मंगलवार सुबह से 100 से ज्यादा विदेशी नागरिकों के पहुंचने की खबर सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि ये लोग बंगाल के अलग-अलग जिलों में अवैध रूप से रह रहे थे और अब बांग्लादेश लौटने के लिए बॉर्डर पर जमा हो गए हैं।
मुर्शिदाबाद बना पहला बड़ा उदाहरण, तीन बांग्लादेशी होल्डिंग सेंटर भेजे गए, सीमा पर बढ़ी हलचल और निगरानी, BSF और पुलिस अलर्ट मोड में
इधर मुर्शिदाबाद जिला इस कार्रवाई का पहला बड़ा केंद्र बन गया है, जहां तीन बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार कर होल्डिंग सेंटर भेज दिया गया। प्रशासन अब पूरे राज्य में पहचान अभियान और निगरानी बढ़ाने की तैयारी में जुटा है। सीमा से लगे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।







