मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में बारातों को निशाना बनाने वाले बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पिछले सप्ताह माधौपुरा की पुलिया पर दूल्हे के बड़े भाई से रुपयों से भरा बैग लूटने की घटना के बाद अब एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस बार बदमाशों ने शादी समारोह की भीड़ और अफरातफरी का फायदा उठाते हुए गहनों से भरा बैग लूट लिया।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे किनारे स्थित श्रीकिशन गार्डन के सामने हुई। कैलारस के बेरई गांव से आकाश पुत्र श्रीनिवास कुशवाह की बारात शहर आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बारातियों की बस को मैरिज गार्डन से वापस गांव के लिए रवाना किया जा रहा था। इसी दौरान दूल्हे की बुआ के 59 वर्षीय ससुर मुनीराम कुशवाह, निवासी गोहरा गांव, बस के पीछे खड़े थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने मुनीराम कुशवाह को जोरदार धक्का दिया। वह जमीन पर गिर पड़े और बदमाश उनके हाथ से गहनों से भरा बैग छीनकर अंबाह बायपास की ओर फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दे दी गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
लूटे गए बैग में करीब पौने दो किलो चांदी के गहने और 100 ग्राम से अधिक सोने के जेवर बताए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक पहले से इलाके में रैकी करते नजर आए हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश जारी है।
लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारातों को निशाना बनाए जाने से लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस प्रशासन पर जल्द खुलासा करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।







