सोनी चैनल पर 23 दिसंबर 2025 को प्रसारित ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के एपिसोड में नागदा शहर को पानी की समस्या से जूझता छोटा सा गांव बताया जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। शो के होस्ट और बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की इस टिप्पणी के बाद स्थानीय स्तर पर आपत्ति दर्ज कराई गई।
स्थानीय निवासी और अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा ने कहा कि यह टिप्पणी नागदा के नागरिकों की छवि को ठेस पहुँचाती है। इस मामले में ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है।
न्यायालय ने मामले में CIS रजिस्ट्रेशन और रिपोर्टिंग के निर्देश दिए, अगली सुनवाई 9 अप्रैल
न्यायालय ने परिवाद स्वीकार करते हुए प्रकरण को Case Information System (CIS) में दर्ज करने और संबंधित थाने को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, CIS में केस दर्ज होने का अर्थ है कि अदालत ने पिटीशन को एक्स्पेट कर लिया है और अब जांच और अगली सुनवाई की प्रक्रिया शुरू होगी।
स्थानीय अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा ने अमिताभ बच्चन के साथ-साथ सोनी पिक्चर्स नेटवर्क के सीईओ गौरव बैनर्जी के खिलाफ भी अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है। मामले की अगली सुनवाई 9 अप्रैल को निर्धारित की गई है, जिस पर आगे की कार्रवाई का फैसला किया जाएगा।







