मऊगंज के तिलया गांव में गुरुवार देर रात एक मेडिकल स्टोर संचालिका के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। रात करीब 11 बजे दो युवक दवाई लेने के बहाने घर पहुंचे। महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि ग्राहक बनकर आए ये लोग कुछ ही पलों में डकैत बन जाएंगे।
पीड़िता बेबी साहू के मुताबिक, दवाई लेने के बाद दोनों युवकों ने अपने पांच और साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते घर में हथियारबंद बदमाश दाखिल हो गए। किसी के हाथ में तलवार थी, तो कोई गड़ासा, कट्टा और रिवॉल्वर लेकर खड़ा था।
बदमाशों ने महिला को हथियारों की नोक पर काबू किया और उसके नाबालिग बेटे के सामने ही हाथ-पैर बांध दिए। इतना ही नहीं, महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, ताकि उसकी चीख बाहर न निकल सके। गर्दन पर तलवार और रिवॉल्वर तानकर बदमाशों ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि घर और मेडिकल स्टोर एक ही परिसर में हैं। बदमाशों ने इसी बात का फायदा उठाते हुए घर में रखी करीब 40 लाख रुपए की रकम लूट ली और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के वक्त महिला के पति अनिल कुमार साहू किसी काम से बाहर गए हुए थे। ऐसे में घर के अंदर महिला और उसका नाबालिग बेटा ही मौजूद थे।
वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बदमाशों को इतनी बड़ी रकम घर में होने की जानकारी कैसे मिली? क्या दवाई लेने के बहाने आया पहला युवक पहले से रेकी कर चुका था? पुलिस अब इन तमाम सवालों के जवाब तलाश रही है।
फिलहाल 40 लाख की इस डकैती ने मऊगंज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।




