भिलाई से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भिलाई स्टील प्लांट यानी BSP में करोड़ों रुपये के आयरन स्क्रैप चोरी मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस हाई-प्रोफाइल केस में अब प्लांट के दो वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
पुलिस ने BSP के जनरल मैनेजर हिमांशु भूषण मलिक और असिस्टेंट जनरल मैनेजर मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों अधिकारी कथित तौर पर प्लांट के अंदर से स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह की मदद कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनकी भूमिका क्या थी, लेकिन जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी फ्लू डस्ट की आड़ में प्लांट से आयरन स्क्रैप बाहर निकाल रहे थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड संजय सिंह लगातार दोनों अधिकारियों के संपर्क में था। कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार किया।
इस मामले में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ स्क्रैप चोरी का मामला नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी हर कड़ी की गहन जांच की जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
भिलाई-3 थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले ने स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस की आगे की जांच पर टिकी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी का वास्तविक दायरा कितना बड़ा है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।







