फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख कर लिया है। सलमान का आरोप है कि फिल्म निर्माताओं ने उनकी अनुमति के बिना उनकी छवि और उनसे जुड़े विवादित घटनाक्रमों को कहानी का हिस्सा बनाया है।
सलमान खान की याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म में उनके कथित अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की ओर इशारा किया गया है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। यही वजह है कि उन्होंने फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
दिलचस्प बात यह है कि आज ही फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ का फर्स्ट लुक जारी किया गया, जिसमें सलमान खान को ‘अयान खान’ और लॉरेंस से जुड़े किरदार को ‘लॉयन’ नाम से दिखाया गया है। फिल्म में काला हिरण शिकार केस और उससे जुड़ी कानूनी लड़ाई को आधार बनाया गया है।
अब सबकी नजर दिल्ली हाईकोर्ट पर टिकी है। सवाल यह है कि क्या फिल्म का रास्ता अदालत से होकर गुजरेगा या फिर रिलीज से पहले ही इस विवाद पर कोई बड़ा फैसला सामने आएगा।







