जबलपुर में भीषण गर्मी और लू के अलर्ट के बीच तिलवारा घाट पर आस्था और तपस्या का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां साध्वी पूजा जायसवाल 44 डिग्री तापमान में अग्नि तपस्या कर रही हैं। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर शुरू हुई यह विशेष साधना लगातार पांच दिनों तक चलेगी।
हर दिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक साध्वी पूजा 251 कंडों से प्रज्वलित अग्नि के बीच बैठकर कठोर तप कर रही हैं। मां नर्मदा के तट पर बनाई गई अग्नि को आठ हिस्सों में विभाजित किया गया है, जिसके मध्य बैठकर वे मंत्र जाप और साधना में लीन रहती हैं।
भीषण गर्मी और तेज लपटों के बावजूद साध्वी पूजा का संकल्प अटूट नजर आ रहा है। तिलवारा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और इस अनोखी तपस्या को देखकर श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मां नर्मदा की कृपा और आध्यात्मिक शक्ति के विश्वास के साथ यह तप किया जा रहा है। तपस्या का यह दृश्य अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।







