मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट का मुकाबला सोमवार को और दिलचस्प हो गया, जब भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में जुट गईं। भाजपा की ओर से देर रात घोषित उम्मीदवार महेश केवट आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा इसे सामाजिक समीकरण और संगठनात्मक ताकत के बड़े संदेश के रूप में पेश कर रही है।
वहीं कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को भी पार्टी प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है। उनके समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई वरिष्ठ नेता विधानसभा पहुंचेंगे। कर्नाटक और तेलंगाना कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों की मौजूदगी भी इस मुकाबले को राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक अहमियत दे रही है।
तीसरी राज्यसभा सीट के लिए होने वाला यह चुनाव सिर्फ एक संसदीय सीट का संघर्ष नहीं, बल्कि प्रदेश की सियासत में भाजपा और कांग्रेस की ताकत, रणनीति और एकजुटता की भी बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।







