NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने रविवार को केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पेपर लीक होने के बावजूद शिक्षा व्यवस्था में लगातार लापरवाही सामने आ रही है, लेकिन जिम्मेदारों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हो रही।
राहुल गांधी ने लिखा कि बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं, CBI जांच कर रही है, लेकिन शिक्षा मंत्री अब तक पद पर बने हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर प्रधानमंत्री मोदी ऐसे शिक्षा मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे, जो लगातार परीक्षा व्यवस्था को संभालने में नाकाम साबित हो रहे हैं। राहुल ने यह भी कहा कि देश अब जवाब मांग रहा है कि हर बार परीक्षा से पहले पेपर लीक कैसे हो जाता है और इस मुद्दे पर सरकार चुप क्यों है।
वहीं दूसरी तरफ CBI ने जांच में कार्रवाई तेज कर दी है। पेपर लीक मामले में गिरफ्तार नौवीं आरोपी मनीषा मंधारे को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक कस्टडी में भेज दिया। मनीषा मंधारे पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर और बॉटनी टीचर बताई जा रही हैं। CBI ने उन्हें दिल्ली स्थित मुख्यालय में लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।
अब इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी लगातार तेज होती जा रही है।







