रायसेन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां जिला जेल के अंदर गोली चलने से हड़कंप मच गया। हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी ने ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली प्रहरी की कमर के नीचे लगी और शरीर के अंदर घुस गई, जिससे उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी नीलेश ठाकुर फल लेने के लिए जेल के गेट की ओर आया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और जेल के अंदर ही कट्टे से फायर कर दिया।
गोली जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को लगी। अचानक हुई फायरिंग से जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जेल कर्मचारियों ने तत्काल घायल प्रहरी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और जांच के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल एम्स रेफर कर दिया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के मुताबिक, आरोपी नीलेश ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास यानी 307 और हत्या यानी 302 के मामले दर्ज बताए गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जेल के अंदर कैदी के पास कट्टा कैसे पहुंचा और उसने हथियार से फायरिंग कैसे कर दी? जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार उसे कहां से मिला और क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश थी।
रायसेन जिला जेल की इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि घायल जेल प्रहरी की हालत गंभीर बनी हुई है।







