मध्य प्रदेश के सीधी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शादी से बचने के लिए एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात का खुलासा 18 दिन बाद हुआ, जब पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर पूरे मामले से पर्दा उठा दिया।
मामला चुरहट थाना क्षेत्र के कोष्टा पवाई जंगल का है। 30 जून को जंगल में एक अज्ञात युवती का कंकाल मिला था। लंबी जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका की पहचान 19 वर्षीय प्रियंका साकेत के रूप में की, जो बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रियंका और 20 वर्षीय पवन कुमार कारपेंटर के बीच साल 2022 से प्रेम संबंध थे। पिछले करीब आठ महीनों से प्रियंका शादी करने की बात कह रही थी, लेकिन पवन लगातार परिवार का विरोध बताकर टालता रहा।
घटना वाले दिन आरोपी ने प्रियंका को मिलने के लिए एक-दो नहीं, बल्कि 27 बार फोन किया। आखिरकार प्रियंका चुरहट पहुंची और दोनों जंगल की ओर चले गए। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में आए पवन ने पत्थर से प्रियंका के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए प्रियंका का मोबाइल फोन तोड़कर जंगल में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। लेकिन पुलिस ने कॉल डिटेल, तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में पवन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्यार, भरोसे और रिश्तों का अंत आखिर इतनी खौफनाक वारदात में क्यों हो रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।







