देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET पेपर लीक मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11वें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मनीषा संजय हवलदार पुणे के सेठ हीरालाल सराफ प्रशाला कॉलेज में शिक्षिका हैं और परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर शामिल थीं।
CBI जांच में सामने आया है कि मनीषा की पहुंच फिजिक्स के प्रश्नपत्र तक थी। आरोप है कि अप्रैल 2026 में उन्होंने परीक्षा से जुड़े सवाल दूसरे आरोपी मनीषा मंधारे के साथ साझा किए थे। इससे पहले मंधारे को भी 16 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब तक इस हाईप्रोफाइल मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, पुणे, नासिक, लातूर और अहल्यानगर समेत कई शहरों से कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इधर, CBI ने पुणे के डॉ. मनोज शिरुरे से भी पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक उनकी गिरफ्तारी की खबर सामने आई थी, लेकिन एजेंसी ने आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
CBI लगातार इस नेटवर्क की परतें खोल रही है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।



