ग्वालियर में महिला सुरक्षा शाखा की बड़ी कार्रवाई ने स्पा सेंटरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार रात शहर के कई नामी स्पा सेंटरों पर पुलिस ने अचानक छापा मारा, जिससे संचालकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। एक स्पा सेंटर में तो पुलिस को देखते ही कुछ युवतियां घबराकर किचन में जाकर छिप गईं, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने बाहर निकालकर पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को ग्राहकों की एंट्री से जुड़े रजिस्टर अधूरे मिले, जबकि कई जरूरी रिकॉर्ड भी सही तरीके से संधारित नहीं पाए गए। इस लापरवाही पर अधिकारियों ने संचालकों को कड़ी फटकार लगाई। कार्रवाई के बाद कई कर्मचारियों और संचालकों को थाने लाकर पूछताछ की गई। महिला सुरक्षा शाखा का कहना है कि शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।







