दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर विरोध का स्वर एक बार फिर तेज हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे लोग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रदर्शन के लिए प्रशासन ने शाम 5 बजे तक की अनुमति दी थी, लेकिन समय सीमा खत्म होने के बाद भी प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे रहे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और “गो-प्रधान-गो” के नारे लगाए।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की और उन्हें बताया कि प्रदर्शन का समय समाप्त हो चुका है। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने पीछे हटने से इनकार कर दिया। मंच पर उन छात्रों के पोस्टर भी लगाए गए, जिन्होंने कथित तौर पर NEET पेपर लीक विवाद के बाद आत्महत्या की थी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर थाली बजाने से कोरोना भगाने का संदेश दिया जा सकता है, तो शिक्षा मंत्री को हटाने के लिए भी थाली बजाई जा सकती है। उन्होंने साफ कहा कि चाहे गिरफ्तारी हो या लाठीचार्ज, वे धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखेंगे।
जंतर-मंतर पर बढ़ते इस विरोध ने NEET पेपर लीक मामले को एक बार फिर राष्ट्रीय बहस के केंद्र में ला दिया है। अब देखना होगा कि सरकार इस दबाव का जवाब कैसे देती है और प्रदर्शन का यह सिलसिला आगे क्या मोड़ लेता है।







