पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में इन दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा चल रही है। 4 से 6 सितंबर तक आयोजित इस कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शनिवार रात धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का सौजन्य भवन में स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे। स्वागत और मुलाकात के बाद डिनर का भी आयोजन हुआ।
इसी दौरान माहौल उस वक्त और दिलचस्प हो गया, जब एक मंत्री ने बाबा से पर्ची निकालने की बात कह दी। मंत्री ने कहा— बाबा, पर्ची निकाल दीजिए।
इस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगला दरबार मुख्यमंत्री आवास यानी CM हाउस में लगना चाहिए।
बाबा का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग हंस पड़े। दरअसल, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दरबार में पर्ची के जरिए लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान का दावा किया जाता है। ऐसे में मंत्री की पर्ची वाली बात पर बाबा का CM हाउस में दरबार लगाने का जवाब पूरे माहौल को हल्का-फुल्का बना गया।
कोलकाता में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कई मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जौहर वीरता है और तंज कसते हुए यह भी कहा कि जो भैया को सैयां बना लेते हैं, वे क्या जानें?
फिलहाल धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कोलकाता यात्रा और उनके बयानों की चर्चा लगातार बनी हुई है। वहीं, मंत्री के पर्ची मांगने और बाबा के CM हाउस में दरबार लगाने वाले जवाब ने इस मुलाकात को खासा सुर्खियों में ला दिया है।






