मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मरीज को छोड़कर लौट रही 108 एंबुलेंस अचानक बीच रास्ते में आग की चपेट में आ गई। घटना रात करीब साढ़े 9 बजे खंडेरिया काचर और बर्डिया गांव के बीच हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी एंबुलेंस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में राख में तब्दील हो गई।
धुएं के बाद भड़की आग, दूर तक दिखाई दी लपटें
जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस मंदसौर में मरीज को छोड़ने के बाद कयामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लौट रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक और स्टाफ कुछ समझ पाते, उससे पहले आग ने पूरी एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावह लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। गनीमत रही कि समय रहते चालक और स्टाफ सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे जनहानि टल गई।







