मौसम से जुड़ी बड़ी खबर। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। महाराष्ट्र के समुद्र तटीय शहर देवगढ़ तक मानसून पहुंच चुका है और मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में यह पूरे महाराष्ट्र को अपनी चपेट में ले सकता है।
इतना ही नहीं, मानसून ने पूर्वोत्तर भारत में भी दस्तक दे दी है। मिजोरम और मणिपुर में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि अगले 48 घंटों में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों तक इसके पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मानसून की सक्रियता के चलते केरल, कर्नाटक, गोवा और तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में गर्मी का सितम जारी है, जहां लगातार पांचवें दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
उधर उत्तर भारत में भी मौसम ने करवट ली है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में तेज गर्मी का दौर फिर शुरू हो गया है। कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में एक तरफ मानसून राहत लेकर आ रहा है, तो दूसरी तरफ भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।







