सिवनी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की स्कॉर्पियो नेशनल हाईवे-34 पर बंजारी गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर आई गाय को बचाने की कोशिश में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही पलों में वाहन में आग भड़क उठी। गनीमत रही कि विधायक योगेंद्र सिंह बाबा, उनके गनमैन राजू धुर्वे और ड्राइवर अनु समय रहते गाड़ी से बाहर निकल आए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि देखते ही देखते स्कॉर्पियो आग की लपटों में घिर गई।
जानकारी के मुताबिक विधायक जबलपुर से अपने गृह क्षेत्र घूरवाड़ा गांव जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक बार फिर यह हादसा सड़क पर आवारा मवेशियों के खतरे और हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।







