मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के सियाखास गांव में 16 साल की एक नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवती गांव के चार युवकों द्वारा लगातार की जा रही छेड़छाड़ से परेशान थी। तीन दिन पहले ही उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद आरोपी लगातार परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे थे।
रविवार सुबह जब मां ने कमरे का दरवाजा खोला तो बेटी फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच जारी है।
चार युवकों पर छेड़छाड़ का केस, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, 14 मई को गांव के ही अंसल यादव, पानसेल यादव, हलके यादव और एक अन्य युवक ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने साहस दिखाते हुए पृथ्वीपुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष लगातार राजीनामे के लिए दबाव बना रहा था, जिससे लड़की मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी में जुटी है।







