खंडवा जिले के खालवा में सोमवार तड़के पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 पेटी यानी 290 लीटर शराब से भरी एक स्विफ्ट कार जब्त की है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने कार चालक अमित भाटी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी फूलसिंह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब आदिवासी अंचलों के ढाबों और किराना दुकानों में सप्लाई की जानी थी।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अमित भाटी खालवा में नदी किनारे ढाबा संचालित करता है, जहां कथित रूप से अवैध शराब परोसी जाती थी। वहीं उसका साथी फूलसिंह किराना दुकान की आड़ में शराब बेचने का काम करता था। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34/2 के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। खास बात यह है कि अमित भाटी केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उइके के प्रतिनिधि के भतीजे के रूप में क्षेत्र में पहचान रखता है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी थी। सोमवार सुबह करीब चार बजे छनेरा की ओर से शराब की खेप लेकर आते समय आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।







