7 हजार लीटर पानी सील, रेस्टोरेंट से लेकर टिफिन सेंटर तक जांच का शिकंजा
जिले में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला प्रशासन ने मिलावट और अवैध खाद्य कारोबार के खिलाफ एक के बाद एक सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया। बिना लाइसेंस संचालित पानी की फैक्ट्री से लेकर नामी रेस्टोरेंट तक प्रशासन का शिकंजा साफ नजर आया।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में त्रिवेंटा इंटरप्राइजेस नामक पानी की फैक्ट्री की जांच की गई, जहां बिना वैध लाइसेंस के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का निर्माण किया जा रहा था। मौके से करीब 7 हजार लीटर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सील किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 57 हजार 650 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही फैक्ट्री का खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है, जहां उनकी विस्तृत जांच की जाएगी।
इसी क्रम में सांवरिया किचन एवं टिफिन सेंटर से तुअर दाल और मिक्स वेज सब्जी के नमूने लिए गए। वहीं, बर्गर किंग रेस्टोरेंट में चिकन बर्गर में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक सैंपल एकत्र किए।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम नागरिकों ने इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक जरूरी और साहसिक कदम बताया है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर और भी कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।







