मध्यप्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग भीषण लू और तपिश की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तापमान लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंच रहा है। वहीं ग्वालियर सहित 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्म हवाओं और तेज धूप से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
भीषण गर्मी का असर अब आम जनजीवन के साथ छात्रों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। नरसिंहपुर के छात्र रोजाना 35 किलोमीटर सफर कर कॉलेज पहुंच रहे हैं। छात्रों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण रास्ते में आंखें और मुंह तक सूख जाते हैं। कई जगहों पर दोपहर में सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। क्योंकि नौतपा की शुरुआत अभी बाकी है और गर्मी के तेवर पहले ही डराने लगे हैं।







