इंदौर के हीरानगर इलाके में युवती ज्योति अग्रवाल की मौत का मामला अब पूरी तरह नया मोड़ ले चुका है। जिस केस में शुरुआत में प्रेमी मयंक साहू पर गंभीर आरोप लगाए गए थे, उसी मामले में अब पुलिस ने युवती की मां शीतल अग्रवाल और भाई प्रकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को ज्योति की मौत हुई थी। जांच में सामने आया कि एक दिन पहले यानी 2 अप्रैल की रात घर के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान मां और भाई ने ज्योति के साथ मारपीट की थी। शुरुआती जांच में परिवार ने पूरे मामले का शक प्रेमी मयंक साहू पर जताया, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने सबूत जुटाए, केस की दिशा पूरी तरह बदल गई।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्रेमी की रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से कई अहम तथ्य सामने आए। इसके बाद यह आशंका मजबूत हुई कि मौत के बाद पूरे घटनास्थल को बदलकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी कथित तौर पर डिलीट कर दी गई, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि पुलिस अभी तक वह फुटेज रिकवर नहीं कर पाई है।
हीरानगर थाना पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर मां और भाई के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। अब पुलिस सभी तकनीकी और फॉरेंसिक पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
फिलहाल इस मामले ने पूरे इंदौर में सनसनी फैला दी है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और सामने आने वाले हर नए साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







