पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। फायरिंग मामले में उनके खिलाफ कदमकुआं थाने में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, खान सर के गार्ड्स ने बयान दिया है कि उन्हें गोली चलाने के लिए कहा गया था और इसी आधार पर FIR में खान सर का नाम जोड़ा गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 भी लगाई गई है, जिसके तहत गंभीर सजा और जुर्माने का प्रावधान है। FIR दर्ज होने के बाद कानूनी हलचल तेज हो गई है और खान सर की कोचिंग पर उनके वकीलों की टीम पहुंची। दूसरी ओर, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने हाई लेवल बैठक की और छात्रों से किसी भी तरह के उकसावे में न आने की अपील की है।
इधर, खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र उनकी कोचिंग के बाहर जुट गए और नारेबाजी करते हुए उनके पक्ष में प्रदर्शन किया। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है। यह मामला शिक्षा जगत से निकलकर प्रदेश की सबसे चर्चित कानूनी और राजनीतिक बहसों में शामिल हो गया है।







