राजगढ़ जिले के जीरापुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्यार, शादी और ब्लैकमेलिंग के दावों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली कंपनी में पदस्थ जूनियर इंजीनियर सुबोध कुमार के घर के बाहर उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब लालो गिरि नाम की महिला अपने एक परिचित के साथ पहुंची और खुद को सुबोध की पत्नी बताते हुए जमकर हंगामा किया।
महिला का आरोप है कि सुबोध कुमार ने खुद को कुंवारा बताकर उससे प्रेम विवाह किया। लेकिन शादी के बाद अब वह किसी दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला सड़क पर पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट की नौबत आ गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। वहां दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और गंभीर आरोप लगाए।
वहीं, जूनियर इंजीनियर सुबोध कुमार ने महिला के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि लालो गिरि पहले से शादीशुदा है और लंबे समय से उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए वसूलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह ब्लैकमेलिंग का मामला बताया है।
अब इस पूरे विवाद में दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर अड़े हुए हैं। एक तरफ महिला खुद को कानूनी पत्नी बता रही है, तो दूसरी तरफ जेई ब्लैकमेलिंग का आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दस्तावेज, शिकायत और साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही मामला न्यायालय में भी विचाराधीन बताया जा रहा है। ऐसे में अब सभी की नजर पुलिस जांच और कोर्ट के फैसले पर टिकी है, जिससे साफ हो सके कि यह प्रेम विवाह का विवाद है या फिर ब्लैकमेलिंग का मामला।







