इंदौर के एमवाय अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इमरजेंसी वार्ड के सामने बने बाथरूम में एक नवजात का शव मिलने की सूचना सामने आई। अस्पताल परिसर में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ लोग बाथरूम का उपयोग करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर अंदर पड़े एक नवजात के शव पर पड़ी। घटना की सूचना तुरंत अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और प्रशासन को दी गई। इसके बाद सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एमवाय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृत बच्चे की उम्र करीब तीन महीने बताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चे को वहां कौन छोड़कर गया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस अस्पताल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।







