सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड से शनिवार देर रात एक दो वर्षीय बच्ची रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर बैढ़न कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस बस स्टैंड परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लापता बच्ची की पहचान मनीषा सिंह (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो थाना जियावन क्षेत्र के नगोरा चटनिया टोला निवासी अर्जुन सिंह की बेटी है। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह शनिवार रात ऑडी मोड़ से बैढ़न पहुंचे थे। देर रात कोई वाहन या परिचित नहीं मिलने के कारण वे अपनी बेटी के साथ बस स्टैंड परिसर में ही रुक गए थे।
बस में मिला युवक बच्ची को लेकर हुआ फरार
पीड़ित पिता अर्जुन सिंह ने पुलिस को बताया कि यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात एक अज्ञात युवक से हुई थी। दोनों बस स्टैंड परिसर में साथ ही सो गए थे। रात करीब 12 बजे जब उनकी नींद खुली तो बेटी और वह युवक दोनों गायब थे। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही बैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, वहीं संदिग्ध युवक की तलाश भी तेज कर दी गई है।







