नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजाद नगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मादक पदार्थ की कालाबाजारी में लिप्त एक प्रेमी जोड़े को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख तीस हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर आजाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान उम्र 27 वर्ष, निवासी मदीना नगर गेट आजाद नगर और सना खान उम्र 23 वर्ष, निवासी बड़ले पर खजराना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना आजाद नगर में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदोरिया सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
इंदौर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शहर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।







