भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यू चंडीगढ़ टेस्ट में इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन के विशाल अंतर से हराकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने पहली पारी में 564 रन बनाकर मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा जमाया, जबकि अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई।
फॉलोऑन खेलने उतरी अफगान टीम दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 112 रन पर ढेर हो गई। वॉशिंगटन सुंदर ने 4 और कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके। वहीं डेब्यू मैच खेल रहे युवा स्पिनर मानव सुथार ने पूरे मैच में 7 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ दी।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए मानव सुथार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टीम इंडिया ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली अपनी पिछली सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। न्यू चंडीगढ़ की धरती पर यह जीत भारतीय टेस्ट क्रिकेट के सुनहरे अध्याय में दर्ज हो गई है।







