दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए जाने से पहले स्वतंत्र भारद्वाज ने हसनपुर में मीडिया से करीब तीन मिनट तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बेखौफ अंदाज में कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने दावा किया कि चाहे पूरा विपक्ष एकजुट हो जाए, उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता।
वहीं, स्वतंत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर CJP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने के बाहर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस की ओर से मिले आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
पूरा मामला 23 जून का बताया जा रहा है। नीशू आजाद का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद से ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग लगातार उठ रही थी।
अब बुलंदशहर से स्वतंत्र भारद्वाज के हिरासत में लिए जाने के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मारपीट की घटना में वास्तव में क्या हुआ था।
इस कार्रवाई के बाद CJP कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और पुलिस की भूमिका पर भी सबकी नजर बनी हुई है।





