शाजापुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति पर अपनी पत्नी और ससुर के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप है। इस हमले में पत्नी की नाक कट गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर भी घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
मामला शाजापुर के ज्योति नगर इलाके का है। घायल महिला पूजा के अनुसार, उसका पति रोहित अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पूजा तबीयत खराब होने की वजह से घर में आराम कर रही थी। तभी रोहित घर पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में रोहित ने पूजा पर कांच का गिलास फेंक दिया, जो सीधे उसकी नाक पर लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी नाक कट गई और खून बहने लगा।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
फिलहाल यह मामला घरेलू हिंसा का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







