इंदौर के भागीरथपुरा में पानी की एक रहस्यमय आपदा ने लोगों की जिंदगी को हिला कर रख दिया है। दूषित पानी की वजह से अब तक 23 मौतें हो चुकी हैं और दर्जनों लोग गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं। यहाँ की जनता दहशत में है और सवाल उठ रहे हैं, यह खौफनाक सिलसिला कब थमेगा?”
वार्ड नंबर 22, 39, 52 और 56 में गंदा, बदबूदार और झाग भरा पानी घर-घर पहुंच रहा है। कुछ स्थानों पर पानी में कीड़े भी नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोग बता रहे हैं कि शुरुआत में आने वाला पानी बिल्कुल इस्तेमाल के योग्य नहीं होता। फिर थोड़ी देर बाद आता है थोड़ा सा साफ पानी, जिसे दवाइयों और फिटकरी डालकर इस्तेमाल करना पड़ता है।”
नगर निगम के अनुसार, भागीरथपुरा में आज दोपहर 12 बजे के बाद पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी। लेकिन यह पानी सीधे इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र में लीकेज की जांच और सैंपलिंग के लिए भेजा जा रहा है। कमिश्नर क्षितिज सिंघल का कहना है कि सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।”
अभी तक 39 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर है और तीन मरीज वेंटिलेटर पर हैं। मौतों की लगातार बढ़ती संख्या ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों की उम्मीदें अब नगर निगम की रिपोर्ट और पानी की सफाई पर टिकी हैं।”
भागीरथपुरा के लोग हर आने वाले पानी की बूँद को लेकर सतर्क हैं। क्या यह सिलसिला थमेगा या नए हादसों का कारण बनेगा—यह वक्त ही बताएगा। हमारी रिपोर्टिंग यहाँ जारी रहेगी।”







