बीजेपी विधायक दल की बैठक में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नाम पर मुहर लग गई है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया। अब 12 मई को सुबह 11 बजे हिमंता लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 में से 82 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसके बाद से ही उनके दोबारा मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई थी।
पीएम मोदी की मौजूदगी में होगा भव्य शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह को बीजेपी उत्तर-पूर्व की राजनीति के लिए बेहद अहम मान रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के कई बड़े नेता और एनडीए के वरिष्ठ सहयोगी शामिल होंगे। असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी जल्द ही राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि पीएम मोदी की मौजूदगी में हिमंता 102 विधायकों के समर्थन के साथ नई सरकार की शुरुआत करेंगे।







