बाल-बाल बचे बच्चे, आपसी समझौते में सुलटा मामला
सतना जिले के मैहर के अमरपाटन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा होते-होते टल गया। ग्राम लालपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास स्कूली बच्चों से भरी एक वैन को पीछे से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विंध्यावैली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की वैन रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी रीवा की ओर से आ रही बस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए वैन को पीछे से टक्कर मार दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
हादसे के वक्त वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे गंभीर रूप से सुरक्षित बच गए, हालांकि कुछ बच्चों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को संभाला।
सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया और किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके चलते कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया और दोनों पक्ष अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।







