उज्जैन रेलवे स्टेशन पर रात के अंधेरे में ऐसा ऑपरेशन चला, जिसने ड्रग तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया। शिप्रा एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल पहुंचाई जा रही हेरोइन की बड़ी खेप को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स ने पकड़ लिया। कार्रवाई में राजस्थान का एक तस्कर गिरफ्तार हुआ है।
सीबीएन को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 22911 शिप्रा एक्सप्रेस के जरिए मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उज्जैन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और नारकोटिक्स अधिकारियों ने संयुक्त घेराबंदी की। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही जनरल कोच में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पर अधिकारियों की नजर पड़ी। जब उसके हैंडबैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 1 किलो 67 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, वहीं एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस खेप के पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।







