मध्य प्रदेश में मानसून अब राहत नहीं, बल्कि आफत बनकर बरस रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली तस्वीर बालाघाट जिले से सामने आई है, जहां उफनाई बाघ नदी ने निर्माणाधीन पुल पर खड़ी कार, जेसीबी और लोडर जैसी भारी मशीनों को देखते ही देखते अपने साथ बहा लिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सीमा से लगी बाघ नदी पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 10 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा था। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्माण स्थल पर मौजूद मशीनें तेज बहाव की चपेट में आ गईं। गनीमत रही कि इस दौरान किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
वहीं डिंडौरी जिले में भी हालात बेहद चिंताजनक हैं। लगातार बारिश के कारण नर्मदा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। तुडार नदी की पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई है, जिससे करंजिया ब्लॉक के कई गांवों का संपर्क कट गया है। कई घरों में पानी घुसने से लोगों का घरेलू सामान बह गया और परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
उधर मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही राहत और बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर आसमान पर टिकी है, क्योंकि अगले 24 घंटे मध्य प्रदेश के लिए बेहद अहम और चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।







