इंदौर के पॉश इलाके निपानिया की पिनेकल ड्रीम्स टाउनशिप में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब करोड़ों की सोसाइटी में हुई बड़ी चोरी का राज खुला। जिस चेहरे पर सबसे ज्यादा भरोसा था, वही सबसे बड़ा गुनहगार निकला। यह चोरी किसी बाहरी शातिर की नहीं, बल्कि बगल में रहने वाले युवक की थी, जो अक्सर घर में आता-जाता था।
सेवानिवृत्त जज शशेंद्रसिंह ठाकुर के फ्लैट से करीब 60 लाख रुपए के सोने और हीरे के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया। पीड़िता रुचिसिंह ठाकुर, जो डेली कॉलेज में शिक्षिका हैं, 11 जनवरी को एक पारिवारिक सगाई समारोह में शामिल होने गई थीं। लौटकर उन्होंने पूरे भरोसे के साथ जेवर अलमारी में रखे, लेकिन 25 जनवरी को जब अलमारी खुली, तो अंदर का नज़ारा सन्न कर देने वाला था—सारे कीमती आभूषण गायब।
शुरुआत में शक किसी बाहरी पर गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज ने कहानी पलट दी। कैमरों में वही युवक कैद मिला, जो पड़ोस में रहता था और परिवार का परिचित था। आरोपी हर्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया तो परत-दर-परत चौंकाने वाले खुलासे होने लगे।
मोबाइल की जांच में उसकी प्रेमिका के साथ चैट, सोने की अंगूठी की तस्वीरें और लेन-देन के सबूत मिले। पूछताछ में हर्ष ने कबूल किया कि उसने चोरी का सोना बड़े सराफा में औने-पौने दामों पर बेच दिया और एक कीमती अंगूठी अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट कर दी।
पुलिस ने दिलीप ज्वेलर्स से पूछताछ की है, जहां करीब 5 लाख रुपए के जेवर खरीदे जाने की पुष्टि हुई है। फिलहाल बाकी गहनों की बरामदगी और सराफा नेटवर्क की भूमिका को लेकर जांच जारी है।
इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सबसे खतरनाक चोर वही होता है, जो सबसे ज्यादा भरोसेमंद नजर आता है।







