आज गणेश उत्सव का अंतिम दिन है। देशभर में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों, तालाबों, झीलों और कृत्रिम कुंडों में किया जा रहा है।
मुंबई में विसर्जन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 383 कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए गए हैं।
वहीं हैदराबाद में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 25 से 30 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शहर में निगरानी के लिए 24 ड्रोन और करीब 10 हजार CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हुसैन सागर के आसपास 100 अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए गए हैं। झील के किनारे क्रेन, इमरजेंसी बोट, गोताखोर और मेडिकल पोस्ट भी तैनात किए गए हैं।
गणेश विसर्जन जुलूसों को देखते हुए कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से गणपति बप्पा को विदाई देने की अपील की है।






