बुरहानपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक फर्नीचर शोरूम संचालक ने अपनी ही महिला कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात गणपति थाना क्षेत्र में, थाने से महज कुछ ही दूरी पर मंगलवार दोपहर को हुई, जिससे पूरे शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, शोरूम संचालक अर्जुन सुगंधी ने अपनी कर्मचारी निकिता सुराड़े को बातचीत के बहाने शोरूम में बुलाया था। वहां पहले अर्जुन के बड़े भाई की पत्नी ने निकिता के साथ मारपीट की। जब निकिता खुद को बचाकर वहां से निकलने की कोशिश कर रही थी, तभी अर्जुन ने उस पर धारदार हथियार से सीने में कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल निकिता को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय निकिता के साथ उसकी छोटी बहन स्नेहा भी मौजूद थी। स्नेहा ने तुरंत अपनी मां को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा हुआ है। स्नेहा के अनुसार, अर्जुन का बड़ा भाई अजय सुगंधी पिछले दो साल से निकिता को पसंद करता था, लेकिन निकिता ने उसे साफ इनकार कर दिया था। इसी कारण निकिता ने एक दिन पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। लगातार फोन आने के बाद वह अंतिम बार बातचीत करने पहुंची थी, जो उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात बन गई।
इस घटना ने और भी दर्दनाक मोड़ तब लिया जब यह सामने आया कि निकिता की शादी सिर्फ दस दिन बाद होने वाली थी। उसका रिश्ता पुणे में तय हुआ था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। पिता के निधन के बाद निकिता अपने परिवार का सहारा थी और अपनी पढ़ाई के साथ-साथ काम करके घर चलाने में मदद कर रही थी।
पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात कैमरे में कैद हुई है, जिसे जांच के लिए खंगाला जा रहा है और अदालत में सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







