महेश्वर के प्रसिद्ध सहस्रधारा जलप्रपात पर घूमने आए एक युवक के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। हरियाणा निवासी 40 वर्षीय संजय अपने दो दोस्तों के साथ नर्मदा किनारे नहाने पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही पलों में खुशी का यह सफर मातम में बदल गया।
बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े पांच बजे संजय नहाते-नहाते गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्र में पहुंच गए। नर्मदा की तेज धार के सामने उनका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वे नदी के बहाव में समा गए। दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और SDERF की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक युवक की तलाश जारी रही। यह हादसा एक बार फिर पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलप्रपात क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है।







