मध्य प्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट से जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जो सुनने में थोड़ी हैरान करने वाली जरूर है। जिस एयरपोर्ट पर पिछले करीब दो महीने से कोई भी डोमेस्टिक और कमर्शियल फ्लाइट संचालित नहीं हो रही, उसी एयरपोर्ट को देश में ग्राहक संतुष्टि के मामले में नंबर-1 स्थान मिला है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी नेशनल कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स में खजुराहो एयरपोर्ट ने देश के दूसरे एयरपोर्ट्स को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।
इस सर्वे में यात्रियों के अनुभव और सुविधाओं से जुड़े कुल 33 अलग-अलग बिंदुओं को आधार बनाया गया। इनमें एयरपोर्ट की साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा, वातावरण, सुरक्षा यानी सिक्योरिटी और अन्य सेवाएं शामिल रहीं।
खजुराहो एयरपोर्ट पर फिलहाल करीब 36 कर्मचारी तैनात हैं, जबकि सफाई व्यवस्था के लिए 20 से 25 सफाईकर्मी लगातार काम करते हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर संतोष सिंह से बातचीत में सामने आया कि उड़ानों का संचालन भले ही बंद हो, लेकिन एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को बनाए रखने में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है।
वहीं, टूरिस्ट गाइड आशाराम पाल के मुताबिक खजुराहो आने वाले पर्यटकों के लिए एयरपोर्ट की साफ-सफाई और व्यवस्था काफी मायने रखती है।
अब सवाल यही है कि जब उड़ानें ही बंद हैं, तो एयरपोर्ट की नंबर-1 रैंकिंग कितनी बड़ी उपलब्धि है? एक तरफ साफ-सफाई और व्यवस्था की तारीफ हो रही है, तो दूसरी तरफ खजुराहो जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के एयरपोर्ट से उड़ानें बंद होना भी बड़ा सवाल है।
यानी एयरपोर्ट ने सुविधाओं में नंबर-1 का तमगा तो हासिल कर लिया, लेकिन यात्रियों के लिए सबसे जरूरी चीज—फ्लाइट—का इंतजार अब भी जारी है।







