गर्मी का सबसे पसंदीदा फल अब लोगों के डर की वजह बनता जा रहा है। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में तरबूज खाने के बाद मौतों की खबरों ने ऐसा असर डाला कि बाजारों में इसकी बिक्री अचानक गिर गई। लोग अब तरबूज खरीदने से बच रहे हैं, जिसका सीधा असर किसानों और व्यापारियों की कमाई पर पड़ रहा है।
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में तरबूज के दाम 20 से 30 प्रतिशत तक टूट गए हैं। सीजन की शुरुआत में जो फल 20 रुपए किलो बिक रहा था, अब वही कई जगह 12 से 13 रुपए किलो में बिक रहा है। थोक मंडियों में हालत और खराब है, जहां भाव 7 से 8 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं।
फल विक्रेताओं का कहना है कि पहले जहां दिनभर में सैकड़ों किलो तरबूज बिक जाता था, अब ग्राहक पूछकर भी वापस लौट रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल खबरों और अफवाहों ने लोगों के मन में डर बैठा दिया है। इसका सबसे बड़ा नुकसान किसानों को हो रहा है, जिन्होंने भारी लागत लगाकर फसल तैयार की थी।
व्यापारियों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो उन्हें भारी घाटा उठाना पड़ेगा। विशेषज्ञ लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और केवल ताजा व अच्छी गुणवत्ता वाला फल खरीदने की सलाह दे रहे हैं।







