एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबूधाबी जा रही फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान के एक इंजन में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होने लगी। हालात बिगड़ने पर पायलटों को इंजन नंबर-1 बंद करना पड़ा और विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग के लिए कोच्चि वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 7 सितंबर की है। ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विमान के उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद पायलटों को इंजन-1 में ऑयल की मात्रा तेजी से घटती दिखाई दी। इसके बाद क्रू ने स्थिति का आकलन करने के लिए FORDEC प्रक्रिया अपनाई।
जांच के दौरान इंजन ऑयल प्रेशर भी लगातार कम होता गया और कुछ समय बाद यह खतरे की सीमा यानी रेड जोन में पहुंच गया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलटों ने इंजन नंबर-1 को बंद करने का फैसला लिया।
एक इंजन बंद होने के बाद विमान को अबूधाबी की ओर आगे ले जाने के बजाय वापस कोच्चि लाने का निर्णय लिया गया। विमान ने कोच्चि में सुरक्षित लैंडिंग की। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए क्रू ने तय प्रक्रिया के तहत स्थिति को संभाला।
फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, घटना तकनीकी खराबी से जुड़ी है। हालांकि एयर इंडिया एक्सप्रेस और DGCA की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इंजन में ऑयल की मात्रा इतनी तेजी से क्यों कम हुई और ऑयल प्रेशर रेड जोन तक पहुंचने की वजह क्या थी। इस पूरे मामले की तकनीकी जांच के बाद ही खराबी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।







