पश्चिम बंगाल के कमरहाटी में शनिवार रात उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब टीएमसी विधायक मदन मित्रा के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अरियादाहा इलाके में प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को घेर लिया, चोर-चोर के नारे लगाए और वाहन पर अंडे फेंके। लोगों का आरोप था कि वर्षों से कटमनी के नाम पर उनसे अवैध वसूली की गई और अब वे अपना पैसा वापस चाहते हैं। बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 14 में एक पार्षद के घर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की बैठक चल रही थी, जहां कटमनी वापस करने की मांग को लेकर भारी नाराजगी दिखाई दी। विरोध बढ़ता देख मदन मित्रा वहां से निकल गए, जबकि बाद में उन्होंने दावा किया कि हमले के समय वह गाड़ी में मौजूद नहीं थे और उनके ड्राइवर को निशाना बनाया गया।
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। बीजेपी सांसद राजू बिस्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता वर्षों से भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और कथित तुष्टिकरण की राजनीति से नाराज है, जिसका गुस्सा अब खुलकर सामने आ रहा है। हालांकि उन्होंने हिंसा का समर्थन करने से इनकार करते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान कानून और प्रशासनिक कार्रवाई के जरिए होना चाहिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे बंगाल की बदलती राजनीतिक तस्वीर से जोड़कर देखा जा रहा है।







