जैसलमेर की सुनहरी रेत और लोकसंस्कृति की रंगीन शाम उस वक्त मातम में बदल गई, जब सम के एक डेजर्ट रिसॉर्ट में घूमने आए 37 वर्षीय पर्यटक की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना रविवार रात करीब 9 बजे सम के लक्की डेजर्ट कैंप में हुई, जिसने वहां मौजूद हर शख्स को झकझोर कर रख दिया।
इंदौर निवासी राहुल मालवी अपने 6 दोस्तों के साथ रविवार शाम करीब 8:30 बजे सम पहुंचे थे। रिसॉर्ट में उस समय कल्चरल प्रोग्राम चल रहा था। चेक-इन करने के बाद सभी दोस्त सामान कमरे में रखकर सीधे कार्यक्रम देखने पहुंच गए। माहौल खुशनुमा था, लोक नृत्य और संगीत चल रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह शाम एक दर्दनाक घटना में बदल जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान राहुल अचानक खड़े-खड़े लड़खड़ाए और जमीन पर गिर पड़े। यह देख साथी घबरा गए। दोस्त राजेश ने तुरंत CPR देने की कोशिश की और बिना देर किए राहुल को जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार राहुल को साइलेंट हार्ट अटैक आया था।
साथियों ने बताया कि सभी दोस्त इससे पहले खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे और उसी दौरान जैसलमेर घूमने का प्लान बना था। किसी को भी राहुल की तबीयत को लेकर कोई आशंका नहीं थी।
इस अचानक हुई मौत ने न सिर्फ दोस्तों को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि सम के रिसॉर्ट क्षेत्र में भी शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की है। एक यादगार यात्रा, जो खुशियों से शुरू हुई थी, पल भर में एक दर्दनाक अंत में बदल गई।







