रीवा के त्योंथर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोहागी थाना क्षेत्र में NH-30 के किनारे डिलीवरी बैग के अंदर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार देर शाम सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और उसके शव को डिलीवरी बैग में छिपाकर सोहागी पहाड़ के सुनसान इलाके में लाकर फेंका गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात आखिर कहां हुई और शव को यहां तक कौन लेकर आया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास भी जांच की है और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती तौर पर लूट के बाद हत्या की आशंका सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस युवक की पहचान क्या है, उसकी हत्या क्यों की गई और डिलीवरी बैग में शव छिपाकर NH-30 के किनारे सुनसान जगह पर किसने डंप किया? फिलहाल पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है और मामले की जांच जारी है।







