इंजन में फँसा शव, परीक्षा देने निकला छात्र भी नहीं लौटा घर
ग्वालियर। शुक्रवार की सुबह ग्वालियर के महाराजपुरा इलाके में कोहरे ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही पलों में चार परिवार उजड़ गए। बरेठा टोल प्लाजा के पास घने कोहरे और तेज रफ्तार का घातक मेल हुआ, जब सामने से आ रही कार और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और एक युवक का शव इंजन में फँस गया।
हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। ट्रक ग्वालियर की ओर आ रहा था, जबकि कार भिंड से ग्वालियर की तरफ बढ़ रही थी। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और ट्रक की रफ्तार भी अधिक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज़ कई सौ मीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और थाना प्रभारी यशवंत गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। क्रेन की मदद से ट्रक और कार को अलग किया गया। इसके बाद कड़ी मशक्कत कर शवों को बाहर निकाला जा सका। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन की पहचान हो सकी है, जबकि एक व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
मृतकों में शामिल हैं—
ज्योति यादव, पत्नी हरि सिंह यादव, निवासी यादव मोहल्ला, गोरमी
राहुल शर्मा, पुत्र किशन दत्त शर्मा, निवासी ग्राम मोरोली, थाना मेहगांव
राजू प्रजापति, निवासी भिंड
एक अज्ञात व्यक्ति
हादसे की सबसे दर्दनाक कहानी राहुल शर्मा की है। राहुल बीएससी कृषि का छात्र था और ग्वालियर स्थित कृषि महाविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार को वह परीक्षा देने के लिए निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह सफ़र उसकी ज़िंदगी का आख़िरी सफ़र बन जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण कोहरा और ट्रक की तेज गति माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि कोहरे में लापरवाही और रफ्तार किस तरह ज़िंदगियों को निगल रही है।







